Follow Us:

शिमला में 10 किलोमीटर लंबा महाजाम, जनता बेहाल

शिमला में 8 से 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम, एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन फंसे

10 मिनट की दूरी तय करने में लग रहे दो घंटे, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों की बढ़ी मुश्किलें

ढली सब्जी मंडी के पास बेतरतीब पार्किंग और शपथ ग्रहण समारोह के चलते रेंग रही गाड़ियां


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इन दिनों सैलानियों की भारी आमद और लचर प्रशासनिक व्यवस्था के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। संजौली से छराबड़ा के बीच सोमवार सुबह से ही करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा भीषण ट्रैफिक जाम लग गया, जिसने स्थानीय निवासियों सहित देश-विदेश से आए पर्यटकों को बेहाल कर दिया।

ढली-करसोग सड़क पर ट्रैफिक जाम।

आलम यह है कि महज 10 मिनट का सफर तय करने में लोगों को डेढ़ से दो घंटे का समय लग रहा है। इस भारी अव्यवस्था के कारण न सिर्फ स्कूली बच्चे समय पर स्कूल पहुंच पाए, बल्कि नौकरीपेशा और कामकाजी लोग भी दफ्तरों के लिए घंटों लेट हो गए। सबसे चिंताजनक स्थिति तब देखने को मिली जब संजौली, ढली और कुफरी के बीच कई आपातकालीन एंबुलेंस भी इस महाजाम में फंसी रहीं, जिससे तीमारदारों और मरीजों की सांसें अटकी रहीं।

ढली-मशोबरा सड़क पर जाम में फंसी गाड़ियां।

मौसम सुहाना होते ही पहाड़ों का रुख करने वाले टूरिस्ट कुफरी, फागू और नारकंडा की तरफ जा रहे हैं, जिसके कारण ढली सब्जी मंडी और ढली चौक पर वाहनों का भारी दबाव बन रहा है। स्थानीय निवासी सुरेश और साहिल वर्मा ने बताया कि छराबड़ा और फागू से ढली तक पहुंचने में उन्हें सामान्य से कई गुना ज्यादा वक्त गंवाना पड़ा। इस जाम का एक बड़ा कारण शिमला में जिला की पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान का शथ ग्रहण समारोह भी रहा, जिसके चलते शहर में अचानक वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई।

ढली सब्जी और पुलिस स्टेशन के बीच सड़क किनारे पार्क गाड़ियां और सड़क पर लगा ट्रैफिक जाम।

इसके अलावा, ढली सब्जी मंडी के शहर के बीचोंबीच होने और सड़क के दोनों ओर अवैध और बेतरतीब पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिस पर पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इस जाम का असर न केवल नेशनल हाईवे-5 पर देखा गया, बल्कि शिमला-करसोग हाईवे पर भी ढली से मशोबरा की तरफ दो किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। वहीं, दूसरी तरफ मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर भी सुबह के वक्त लंबा जाम देखने को मिला, जिसे बाद में करीब 10 बजे बहाल करवाया जा सका।