➤ शिमला नगर निगम बैठक में हंगामा, मेयर-डिप्टी मेयर का कार्यकाल बढ़ाने पर कांग्रेस-भाजपा पार्षद आमने-सामने
➤ महिला प्रतिनिधित्व को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने भी जताई असहमति, मौन प्रदर्शन किया
➤ भाजपा पार्षदों की नारेबाजी, कहा– सरकार ने लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान की अनदेखी की
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल ढाई साल से बढ़ाकर पाँच साल करने के फैसले ने शिमला नगर निगम की मासिक बैठक को विवादों में ला दिया। बैठक के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने इस निर्णय का विरोध किया, जिससे माहौल गर्म हो गया। हंगामे के चलते हाउस को कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ा।
बैठक में भाजपा पार्षदों ने नारेबाजी करते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक परंपराओं के उल्लंघन और महिला विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस के करीब एक दर्जन पार्षदों ने भी इस फैसले से असहमति जताई।
भाजपा पार्षद आशा शर्मा ने कहा कि “हम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जब रोस्टर में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया था, तो उस पर अमल होना चाहिए था। इस फैसले से कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा बेनकाब हुआ है।”
उधर, नाभा वार्ड की कांग्रेस पार्षद सिमी नंदा ने कहा कि वह सरकार और पार्टी के साथ हैं, लेकिन ढाई-ढाई साल के रोस्टर को बरकरार रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ इस फैसले के खिलाफ हैं क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की लाइन यही है कि सभी को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।”
वहीं, कांग्रेस पार्षद कांता सुयाल ने कहा कि इस बार नगर निगम में महिलाओं की संख्या अधिक है, ऐसे में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था। उन्होंने बताया कि भाजपा पार्षदों ने अपने तरीके से विरोध किया, जबकि कांग्रेस पार्षदों ने मौन प्रदर्शन कर अपनी असहमति जताई।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों हुई कैबिनेट बैठक में मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल ढाई वर्ष से बढ़ाकर पाँच वर्ष करने का निर्णय लिया गया था। शिमला नगर निगम का कार्यकाल 15 नवंबर को ढाई वर्ष पूरा होने वाला था, जिसके बाद महिला के लिए मेयर पद आरक्षित होना था। लेकिन सरकार ने उससे पहले ही कार्यकाल बढ़ा दिया।
अब माना जा रहा है कि वर्तमान मेयर सुरेंद्र चौहान और डिप्टी मेयर अपने पदों पर पूरा पाँच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेंगे। विपक्ष का आरोप है कि यह निर्णय सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी मेयर को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लिया गया है।



