प्रेस क्लब शिमला के पदाधिकारियों ने क्लब के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज की अगुवाई में आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त और गैर मान्यता प्राप्त प्रिंट, इलैक्ट्रानिक और वेब पोर्टल मीडिया कर्मियों को कोविड-19 महामारी के कारण बीमा कवर प्रदान करने का आग्रह किया है । इन लोगों ने सीएम को बताया कि कैसे इस दौर में पत्रकार काम कर रहे हैं । अलग अलग हिस्सों में कई पत्रकार भी कोरोना से संक्रमित पाये गये है । ऐसे में सरकार पत्रकारों को भी बीमा कवर दे ताकि पत्रकार अपने और परिवार के भविष्य की चिंता को छोड कर काम कर सकें ।
पत्रकारों ने सीएम से मांग की है कि कोरोना प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे मीडिया कर्मियों की भी कोरोना जांच करवाई जाए । देश के कई हिस्सों में पत्रकारों की जांच हो रही है । ऐसा ही सूबे में भी किया जाये ।
मुख्यमंत्री ने शिमला प्रेस क्लब की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है ।



