Follow Us:

शिमला: प्रदर्शन करने आए कार्यकर्ता अपने ही अध्यक्ष के बयान से खफ़ा, बिखरे कार्यकर्ता

|

शिमला के टूटी कंडी में प्रदर्शन कर रहे देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के अध्यक्ष रुमित ठाकुर ने देवभूमि पार्टी का ऐलान किया। ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी और सभी 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। रुमित ठाकुर के इस ऐलान के बाद कुछ कार्यकर्ता नाराज़ हुए और कुछ देर बाद वे वहां से ग़ायब हो गए।

बात इतनी बढ़ चुकी थी कि मौके पर साथ आए कार्यकर्ता ही रूमित ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कार्यकर्ता ने कहा कि सवर्णों की मांग के बीच राजनीति नहीं चलेगी। इसके साथ ही कई कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए जिसके बाद रुमित ठाकुर इन कार्यकर्ताओं को समझाते हुए नज़र आए लेकिन बात नहीं बन पाई। साफ़ लहजे में कहें तो सरकार से सवर्णों के लिए मांग करने आए कार्यकर्ता अपने ही अध्यक्ष के एक बयान के चलते तित्तर बित्तर हो गए।

इस पहले देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के लोगों ने टूटीकंडी क्रॉसिंग के पास मुख्यमंत्री के होर्डिंग को भी फाड़ दिया। मामला इतना बढ़ गया था कि पुलिस की ओर से भी लाठीचार्ज किया गया जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर पुलिस वालों पर पथरबाजी भी की। इसमें कई कर्मी घायल हुए हैं। इसके बरक्स सवर्ण समाज के अध्यक्ष रूमित ने मांग की जिन्होंने लाठीचार्ज किया उनपर कार्रवाई हो।