Follow Us:

हैरत: स्कूल बस का टायर गड्ढे में धंसा और बन गया 15 फीट गहरा होल; बच्ची सुरक्षित निकाली गई

➤ शिमला के भट्टाकुफर में अचानक सड़क धंसने से गड्ढा बना
➤ स्कूल बस का अगला टायर फंसा, छात्रा गिरी लेकिन सुरक्षित निकाली गई
➤ NHAI पर लापरवाही और घटिया निर्माण के आरोप, स्थानीय लोगों में रोष


शिमला के भट्टाकुफर में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऑकलैंड हाउस स्कूल के छात्रों को लेकर जा रही बस के नीचे अचानक सड़क धंस गई, जिससे करीब 15 फीट गहरा और 7 से 8 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। इस दौरान बस में चढ़ रही आठवीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी भी गड्ढे में गिर गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना के समय हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस HP-63A-8832 मौके पर थी। बस का अगला टायर गड्ढे में फंस गया। लोगों का कहना है कि यदि बस कुछ इंच आगे बढ़ जाती, तो पूरा वाहन गड्ढे में धंस सकता था। बस को अब क्रेन की मदद से बाहर निकाला जाएगा।

शिमला के भट्टाकुफर में सड़क पर बना गड्डा और इसमें फंसी HRTC बस।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराज़गी है। उन्होंने फोरलेन टनल निर्माण कर रहे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के कारण घरों में दरारें आ रही हैं और पूर्व में बरसात के दौरान एक बहुमंजिला मकान भी ढह चुका है।

भट्टाकुफर में सड़क पर जमीन धंसने से बना गड्डा।

भट्टाकुफर वार्ड के पार्षद नरेंद्र ठाकुर के अनुसार, निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल हैं और क्षेत्र में कई घर खतरे की जद में हैं। वहीं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह पहले ही NHAI पर सवाल उठा चुके हैं और इस मामले की गंभीरता से जांच की मांग कर रहे हैं।

भट्टाकुफर से चलौठी तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबी टनल का निर्माण जारी है, जिसके ठीक ऊपर घनी आबादी और घर बने हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्रीय लोग दहशत में हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

हिमाचल के पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने उठाए सवाल।