➤ शिमला में कबाड़ के स्टोर में लगी भीषण आग, आसपास अफरा-तफरी
➤ सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां भी आग की चपेट में आईं
➤ दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
शिमला। राजधानी शिमला में मंगलवार को अचानक लगी आग ने बड़ा नुकसान कर दिया। शहर में स्थित एक कबाड़ के स्टोर में भीषण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं और उनमें भी आग लग गई।
स्थानीय लोगों ने जब स्टोर से घना धुआं और लपटें उठती देखीं तो तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कबाड़ का स्टोर पूरी तरह जलकर राख हो गया और आसपास खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों की मदद करते नजर आए।



