Follow Us:

शिमला जाम में फंसे JOA-IT अभ्यर्थी, सिर्फ 5 मिनट लेट होने पर नहीं मिली एंट्री

➤ JOA-IT परीक्षा देने आए युवाओं को ट्रैफिक जाम से हुई देरी
➤ सिर्फ पांच मिनट लेट पहुंचने पर केंद्र में नहीं मिली एंट्री
➤ PSC ने अभी तक नहीं दी कोई प्रतिक्रिया, अभ्यर्थी मांग रहे पुनः परीक्षा

पराक्रम चंद , शिमला


PSC Exam 2025:  शहर की पुरानी परेशानी ट्रैफिक जाम ने एक बार फिर से लोगों को संकट में डाल दिया है, लेकिन इस बार इसकी कीमत कुछ अभ्यर्थियों के भविष्य ने चुकाई। JOA-IT परीक्षा देने शिमला आए कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल पांच मिनट की देरी से पहुंचने पर प्रवेश नहीं दिया गया। ये अभ्यर्थी हिमाचल लोक सेवा आयोग (PSC) द्वारा आयोजित परीक्षा में शामिल होने आए थे।

निर्धारित समय के अनुसार, अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना अनिवार्य था। लेकिन शहर में जाम की स्थिति ऐसी रही कि कुछ उम्मीदवार 10:35 बजे परीक्षा केंद्र के गेट तक पहुंचे, मगर उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया। गेट पर तैनात अधिकारियों ने साफ कह दिया कि गेट बंद हो चुका है और देर से आने वालों को किसी भी हालत में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा देने पहुंचे युवाओं ने बताया कि उन्होंने सालों की मेहनत और तैयारी इस परीक्षा के लिए की थी, लेकिन सिर्फ ट्रैफिक जाम की वजह से वे देरी से पहुंचे। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा केंद्र के स्टाफ ने उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। उनका कहना है कि पहले कुछ मिनट की देरी तक भी केंद्र में एंट्री दी जाती थी, लेकिन आज सख्ती बरती गई।

वहीं, इस संवेदनशील मामले पर अब तक हिमाचल लोक सेवा आयोग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कई अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाए, क्योंकि यह उनके भविष्य से जुड़ा मामला है।

शहर के ट्रैफिक प्रबंधन की ढीली हालत और परीक्षा संचालन की सख्त व्यवस्था ने मिलकर ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं, जिसमें युवाओं का नुकसान हुआ है। अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर भी आयोग और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।