Follow Us:

शिमला में विंटर कार्निवल का भव्य आगाज, सांस्कृतिक परेड बनी आकर्षण का केंद्र

➤ शिमला में 9 दिवसीय विंटर कार्निवल की शुरुआत भव्य सांस्कृतिक परेड से
➤ प्रदेशभर से 272 लोक कलाकारों की भागीदारी, महानाटी रही मुख्य आकर्षण
➤ मुख्यमंत्री सुक्खू ने सांस्कृतिक दलों को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज से 9 दिवसीय विंटर कार्निवल का औपचारिक आगाज हो गया। कार्निवल की शुरुआत भव्य सांस्कृतिक परेड के साथ हुई, जिसे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह परेड रिज स्थित एचपीएमएसी केंद्र से शुरू होकर लिफ्ट, मालरोड और स्कैंडल प्वाइंट से होते हुए टाउन हॉल तक पहुंची।

सांस्कृतिक परेड में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 272 लोक कलाकारों ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कलाकारों ने पारंपरिक नाटी प्रस्तुत कर शिमला की सड़कों को उत्सवमय बना दिया। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए महानाटी डाली गई, जिसमें पारंपरिक परिधान में सजी करीब 200 महिलाओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री भी महानाटी में शामिल हुए।

परेड में हिमाचल की विविध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। चम्बयाली, झमाकड़ा, महीरपुरी गिद्दा, सिरमौर का सिहंटू, कुल्लवी, मंडी की नागरीय और लुडड़ी, लाहौल की लाहुली, किन्नौरी, ठियोग की ठोडा और कुपवी-शिमला का बुडियाच नृत्य दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

इसके साथ ही बिजट महाराज पारंपरिक लोक वाद्य दल, मानणोश्वर लोक वाद्य दल ठियोग, कोटेश्वरी सांस्कृतिक व लोक वाद्य दल नेहरा और कोटखाई का क्यारी लोक वाद्य दल की प्रस्तुतियों ने माहौल को और रंगीन बना दिया।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि विंटर कार्निवल युवाओं और पर्यटकों को हिमाचल की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे शिमला आकर यहां के स्वच्छ वातावरण और सांस्कृतिक विरासत का आनंद लें।

विंटर कार्निवल के दौरान मालरोड और रिज मैदान में लोगों के मनोरंजन के लिए बेहरूपीये, जादूगर और अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। पर्यटकों के लिए जगह-जगह सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या में सा रे गा मा पा फेम पायल ठाकुर और पंजाबी गायक रोहनप्रीत सिंह प्रस्तुति देंगे। क्रिसमस ईव से लेकर न्यू ईयर तक संगीत, मनोरंजन और स्टार नाइट्स का आयोजन किया जाएगा।