➤ 24 दिसंबर से 1 जनवरी तक चलेगा विंटर कार्निवल
➤ रिज, मॉल रोड और बाजारों में सजावट का काम तेज
➤ 12 जिलों के कलाकार, 60 से ज्यादा स्टॉल और सांस्कृतिक परेड
शिमला। पहाड़ों की रानी शिमला एक बार फिर उत्सव के रंगों में रंगने को तैयार है। विंटर कार्निवल को लेकर शहर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रिज मैदान, मॉल रोड और प्रमुख बाजारों के प्रवेश द्वारों पर स्वागत गेट लगाए जा रहे हैं। क्रिसमस और नए साल के मौके पर पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरे शहर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा।
नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि तीसरा विंटर कार्निवल 24 दिसंबर से 1 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। कार्निवल का शुभारंभ 24 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा कल्चरल परेड के साथ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में प्रदेश के 12 जिलों से आए कलाकार अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मॉल रोड और आसपास के क्षेत्रों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पर्यटकों के आकर्षण के लिए कार्निवल स्थल पर 60 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ बाहरी राज्यों के स्टॉल भी शामिल होंगे। साथ ही, देश के विभिन्न हिस्सों से नामचीन कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिनकी सूची अगले दो–तीन दिनों में जारी की जाएगी।
मेयर ने कहा कि विंटर कार्निवल पर्यटन की दृष्टि से बेहद अहम साबित हो रहा है और इससे शिमला में सर्दियों के पर्यटन को नई गति मिलती है।



