Follow Us:

शिमला विंटर कार्निवल की पहली संध्या पर रोहनप्रीत का जलवा, मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे कार्निवल का शुभारंभ

➤ विंटर कार्निवल की पहली संध्या पर रोहनप्रीत और पूजा पंडित लगाएंगे संगीत का तड़का
➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि होंगे शामिल
➤ कार्निवल के दौरान रात दस बजे तक चलेंगी उपनगरों के लिए टैक्सियां


 शिमला में आयोजित होने जा रहा विंटर कार्निवल इस बार भी मनोरंजन, संस्कृति और पर्यटन का भव्य संगम बनने जा रहा है। कार्निवल की पहली संध्या पर पंजाबी गायक रोहनप्रीत और गायिका पूजा पंडित शाम सात बजे से रात दस बजे तक रेशमी रुमाल, दो गल्लां, 52 गज का दामन जैसे हिट गानों की दमदार प्रस्तुति देकर शिमला के सर्द मौसम को पूरी तरह गरमा देंगे।

नगर निगम के अनुसार कार्निवल के पहले दिन दोपहर तीन बजे मालरोड पर लगभग 200 महिलाओं की महानाटी का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शाम पांच से साढ़े छह बजे तक ‘वॉयस ऑफ शिमला’ कार्यक्रम होगा, जबकि रात सात बजे स्टार नाइट की शुरुआत होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि इस कार्निवल का मुख्य उद्देश्य हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना और सर्दियों के पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। कार्निवल के दौरान दर्शकों को संगीत, नृत्य के साथ-साथ लोक कला और स्थानीय व्यंजनों का भी आनंद मिलेगा।

कार्निवल को लेकर टाउन हॉल में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें महापौर, उपमहापौर उमा कौशल, एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा, पुलिस अधिकारी, आयुक्त भूपेंद्र अत्री और संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा उपस्थित रहे।

नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि विंटर कार्निवल को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और इस बार भी प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां इसे यादगार बनाएंगी।


रात दस बजे तक चलेंगी उपनगरों के लिए टैक्सियां

विंटर कार्निवल के दौरान शहरवासियों और पर्यटकों को रात में घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एचआरटीसी की टैक्सियां संजौली, नवबहार, मैहली, पंथाघाटी, न्यू शिमला, जाखू, भराड़ी और समरहिल तक रात दस बजे तक चलाने की योजना है। नगर निगम ने इस संबंध में एचआरटीसी से बातचीत करने की बात कही है।


किस दिन कौन स्टार

24 दिसंबर: रोहनप्रीत, पूजा पंडित
25 दिसंबर: अरुण जस्टा, राजीव शर्मा
26 दिसंबर: राजेश त्यागी, पंकज ठाकुर
27 दिसंबर: रमा भारती, इंद्रजीत सिंह, राजीव राजा
28 दिसंबर: ईशान भारद्वाज, सुनील कुमार
29 दिसंबर: बीरबल, काकू राम, पारस, संचिता भारद्वाज, साहिल कुमार
30 दिसंबर: किशन वर्मा, कुमार साहिल, अंजलि नानक
31 दिसंबर: हन्नी नेगी, हारमनी ऑफ पाइन ग्रुप, गौरव
1 जनवरी 2026: हेमा सरदेसाई, अब्राहिम कुरैशी