Shimla Cleanliness Drive : राजधानी शिमला को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने सोमवार से विशेष सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है। यह अभियान करीब दो महीने तक चलेगा और शहर के सभी वार्डों में सफाई की जाएगी। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और रास्तों से कचरा हटाया जाएगा। नगर निगम शिमला की उप महापौर उमा कौशल ने इस अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की।
नगर निगम की तीसरी आंख रखेगी नजर
नगर निगम ने खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर सख्ती करने के लिए विशेष योजना बनाई है। उप महापौर उमा कौशल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 5 फरवरी को इस अभियान की शुरुआत की थी, जिसे अब पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। शिमला में इस महा सफाई अभियान के दौरान पार्षदों और सफाई मित्रों को सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम ने ऐसे स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है, जहां लोग खुले में कचरा फेंकते हैं। इससे कूड़ा फेंकने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे शहर को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।
उमा कौशल, उप महापौर नगर निगम शिमला ने कहा “शहर को साफ-सुथरा रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अभियान के तहत सफाई मित्रों के सहयोग से पूरे शहर को स्वच्छ बनाया जाएगा। जनता से अनुरोध है कि वे इस पहल में प्रशासन का सहयोग करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें।”