शिमला स्कैंडल प्वाइंट में हुआ था भारत का पहला लव स्कैंडल, जानें रोचक रहस्‍य

|

  • शिमला के मशहूर स्कैंडल प्वाइंट से जुड़ा ऐतिहासिक किस्सा, जिसे भारत का पहला ‘लव स्कैंडल’ कहा जाता है।
  • कहा जाता है कि पटियाला के महाराजा भूपिंद्र सिंह ने वाइसराय लार्ड कर्जन की बेटी को यहीं से घोड़े पर उठाकर ले गए थे।
  • कुछ इतिहासकार इस कहानी को नकारते हैं, क्योंकि घटनाक्रम की तारीखें मेल नहीं खातीं।

Blog: पराक्रम चंद


Shimla Scandal Point History: ब्रिटानिया हुकूमत ने मैदानी इलाकों की धूल मिट्टी से बेचने के लिए शिमला को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया था। ऐतिहासिक शहर शिमला अपने अंदर के अनसुलझे रहस्यों को समेटे हुए है। कई ऐसी जगह हैं जो कई कहानियाँ व्यां करती हैं। ऐसी ही एक जगह है शिमला के माल रोड़ में स्कैंडल प्वाइंट, जिसे हिंदुस्तान के पहले लव स्कैंडल प्वाइंट के रूप में जाना जाता है।

कहा जाता है कि ब्रिटिश काल में शिमला के मालरोड की इसी जगह से पटियाला के महाराजा भूपिंद्र सिंह ने वाइसराय लार्ड कर्जन की बेटी को सरेआम उठा लिया था। यह वजह है कि इस जगह को पहला लव स्कैंडल कहा जाता है। कर्ज़न के बेटी पर मोहित पटियाला के राजा महाराजा भूपिंद्र सिंह किसी भी सूरत में कर्जन की बेटी पाना चाहते थे। उनकी बेटी रोजाना शाम को शिमला के माल रोड पर घूमने आती थी। लेकिन उस वक्त मालरोड पर हिंदुस्तानियों के घूमने पर पाबंदी थी। केवल अंग्रेज अफसर ही अपने परिवार के साथ टहलते थे।

कहा जाता है कि महाराजा भूपिंद्र सिंह घोड़े पर सवार होकर आए और मालरोड पर टहल रही लार्ड कर्जन की बेटी को उठा ले गए। जिससे गुस्साए कर्ज़न ने उनका शिमला आने पर प्रतिबंध लगा दिया। महाराजा ने भी अपनी शान के लिए शिमला से भी ऊंचा नगर बसाने की ठान ली और चायल का निर्माण करवाया।

पटियाला के महाराजा भूपिंद्र सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1891 में हुआ। वर्ष 1900 में उन्होंने राजगद्दी संभाली और 38 साल तक राजपाट किया। उन्होंने ऑनरेरी लेफ्टीनेंट कर्नल के तौर पर प्रथम विश्व युद्ध में भाग लिया था। लीग ऑफ नेशंज में 1925 में भूपिंद्र सिंह ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। महाराजा क्रिकेट के शौकीन थे। वर्ष 1911 में इंग्लैंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान भी वही थे।

हालांकि कुछ इतिहासकार इस बात से ज्यादा इत्तफाक नहीं रखते है। उनका तर्क है कि लार्ड कर्जन साल 1905 तक वाइसराय रहे। उनकी तीन बेटियां थीं। 1905 में महाराजा की आयु महज 14 वर्ष की थी। लार्ड कर्जन की बड़ी बेटी आइरिन की उम्र उस समय महज 9 साल थी। इसलिए ये कैसे हुआ इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता!