Follow Us:

किन्नौर की बेटी श्रुति ने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत के लिए जीता पदक

किन्नौर की श्रुति ने बैंकॉक में हुई यूथ अंडर-22 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता
➤ श्रुति पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं
सांगला से 5वीं अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज बनी श्रुति को जेएसडब्ल्यू का समर्थन



हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के चांसू गांव की होनहार बेटी श्रुति ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। बैंकॉक में 1 से 12 अगस्त तक आयोजित यूथ अंडर-22 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 75 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।
श्रुति ने इससे पहले पुणे में आयोजित ट्रायल में बेहतरीन प्रदर्शन कर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की थी। उनकी आक्रामक शैली और दमदार पंचों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया। श्रुति के बेसिक कोच ओपिंद्र सिंह हैं, जिन्होंने उनके शुरुआती दिनों से ही मार्गदर्शन किया है। इस उपलब्धि के साथ ही वह सांगला से 5वीं अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं।
श्रुति जेएसडब्ल्यू के शिखर प्रोग्राम की ओर से समर्थित बॉक्सर हैं, जिसके तहत उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, उपकरण और खेल संबंधी सुविधाएं मिलती हैं। परियोजना प्रमुख कौशिक मौलिक ने उन्हें इस सफलता पर हार्दिक बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की।
श्रुति की माता सीता देवी ने बेटी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
इससे पहले भी श्रुति ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 6वीं यूथ महिला नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2023 में स्वर्ण, खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2024 में कांस्य और आरईसी कंबाइंड नेशनल टैलेंट हंट इंटर जोन 2024 में स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा है। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।