Follow Us:

सिरमौर की अनोखी शादी से खुशखबरी: जोड़ीदार प्रथा वाले परिवार में जल्द गूंजेगी किलकारी

जोड़ीदार प्रथा के तहत हुई शादी से आई खुशखबरी
सुनीता ने सोशल मीडिया पर बताया—घर में आने वाला है नन्हा मेहमान
पिछले साल अनोखी शादी ने देशभर में बटोरी थीं सुर्खियां



हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पिछले साल चर्चा में आई जोड़ीदार प्रथा के तहत हुई अनोखी शादी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह खुशियों से जुड़ी है। इस विवाह में दुल्हन बनी सुनीता चौहान गर्भवती हैं और जल्द ही उनके घर में नन्हे मेहमान की किलकारी गूंजने वाली है। इसकी जानकारी खुद सुनीता और उनके पति प्रदीप नेगी ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में इस जोड़े ने लिखा है कि “हम तीन से चार बहुत जल्द होने वाले हैं।” इस खबर के सामने आते ही लोगों की दिलचस्पी फिर से इस अनोखी शादी की ओर बढ़ गई है, जो पिछले साल पूरे देश में चर्चा का विषय बनी थी।

दरअसल, हिमाचल के सिरमौर जिले के कुछ इलाकों में जोड़ीदार प्रथा की परंपरा रही है। इस प्रथा के तहत एक ही परिवार के दो या उससे अधिक भाई एक ही महिला से विवाह करते हैं। इसी परंपरा के तहत प्रदीप नेगी और कपिल नेगी ने सुनीता चौहान के साथ विवाह किया था। पुराने समय में यह परंपरा पहाड़ी क्षेत्रों में आम मानी जाती थी, लेकिन आधुनिक दौर में इस तरह के विवाह बहुत कम देखने को मिलते हैं।

पिछले वर्ष जब इस शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे, तब यह खबर सोशल मीडिया और मीडिया में काफी चर्चा में रही थी। खास बात यह भी रही कि यह परिवार पढ़ा-लिखा और संपन्न माना जाता है, जिससे इस फैसले को लेकर कई तरह की बहस भी शुरू हो गई थी।

परिवार के अनुसार फिलहाल प्रदीप नेगी घर पर रहते हैं, जबकि उनके भाई कपिल नेगी विदेश में नौकरी कर रहे हैं। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारियां फिलहाल प्रदीप संभाल रहे हैं। अब सुनीता की गर्भावस्था की खबर सामने आने के बाद यह परिवार एक नई शुरुआत की तैयारी में है।

इस अनोखी शादी ने एक बार फिर पारंपरिक प्रथाओं और आधुनिक सोच के बीच संतुलन को लेकर चर्चा छेड़ दी है। हालांकि परिवार का कहना है कि यह उनका निजी फैसला है और वे आने वाले नए मेहमान के स्वागत को लेकर बेहद खुश हैं।