➤ सिरमौर के संगड़ाह में खड्ड में डूबने से 2 सगे भाइयों की दर्दनाक मौत
➤ 8 और 9 साल के बच्चे पिता के साथ पशु चराने जंगल गए थे
➤ तेज बहाव में बहने से गई जान, गांव में पसरा मातम
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के संगड़ाह क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक बच्चों की पहचान 8 वर्षीय अयान और 9 वर्षीय अभिनव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे अपने पिता प्रवीण पुंडीर के साथ गांव के पास जंगल में खच्चर, बकरियां और बैल चराने गए थे। इसी दौरान पशु अचानक इधर-उधर भाग गए, जिन्हें पकड़ने के लिए पिता दूसरी ओर चले गए।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे जंगल में एक पत्थर पर खेल रहे थे। इसी दौरान पत्थर अपनी जगह से खिसककर खड्ड में गिर गया और दोनों बच्चे भी पानी के तेज बहाव में बह गए। कुछ दूरी पर ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शव बरामद किए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाई हमेशा साथ रहते थे। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार को तुरंत राहत राशि देने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।



