Follow Us:

हिमाचल में केंद्र सरकार के सहयोग से जल्द खुलेगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल के  खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं अब जल्द ही हिमाचल में मिलने वाली है। प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दने के लिए जल्द ही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोली जाएगी।

प्रदेश के खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से बीते दिनों दिल्ली में मुलाकात की और उनसे हिमाचल के लिए स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की मांग रखी। जिस पर केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश को जल्द स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने का आश्वासन दिया है। वहीं,  राज्य में स्कूल से ही यूनिवर्सिटी स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेलो हिमाचल की शुरूआत करने का निर्णय लिया है।

(आगे की ख़बर के लिए नीचे स्क्रॉल करें)…

 केंद्रीय मंत्री ने की सहयोग की बात

जिसके लिए केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। इसी तरह मनाली स्थित पर्वतारोहण संस्थान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की तैयारी की जा रही है। गोविंद ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री से नई दिल्ली दौरे के दौरान उनकी मुलाकात हुई है। इसमें प्रदेश में खेल यूनिवर्सिटी को खोलने के अलावा खेल अकादमी की स्थापना करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री ने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी को खोलने में पूरा सहयोग देने की बात कही है।

केंद्रीय खेल मंत्री को हिमाचल आने का दिया न्यौता

इसी तरह राज्य में इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसमें स्कूल से लेकर यूनिवर्सिटी स्तर के बच्चों को जोड़ा जाएगा। मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेलो हिमाचल की शुरूआत करने के लिए केंद्रीय खेल मंत्री को प्रदेश आने का न्यौता दिया गया है। उन्होंने कहा कि मनाली स्थित पर्वतारोहण संस्थान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है।