Follow Us:

प्रदेश सरकार विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले रसोइयों को सम्मानित करेगीः मुख्यमंत्री

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मण्डी के करसोग क्षेत्र के तत्तापानी में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित पर्यटन उत्सव और राज्य स्तरीय मकर संक्रांति मेले के दौरान विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए तत्तापानी में 3.50 करोड़ रुपये व्यय कर आधुनिक केफेटएरिया खोला जाएगा औऱ ई-टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली जल आपूर्ति योजना अगले दो साल के भीतर पूरी कर दी जाएगी, जिसकी आधारशिला आज रखी गई है। इससे क्षेत्र की 11 पंचायतों की पानी की समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि तत्तापानी के समृद्ध इतिहास को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार इस क्षेत्र को जल क्रीड़ा के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि तत्तापानी को पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा ताकि शिमला आने वाले पर्यटकों को तत्तापानी आने के लिए प्रेरित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग ने आज एक ही बर्तन में 1995 किलोग्राम खिचड़ी बनाकर इतिहास रचकर गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस विश्व रिकॉर्ड खिचड़ी बनाने वाले रसोइयों को सम्मानित करेगी।  पर्यटन की अपार सम्भावनाएं होने के अलावा तत्तापानी श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख धार्मिक स्थल भी है, जहां देशभर से हजारों श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हाल ही में लोकसभा के आम चुनावों में प्रदेश की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल कर नया किर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का वोट शेयर देशभर में सबसे अधिक था और वोट प्रतिशत में सबसे अधिक जीत का अन्तर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद किशन कपूर ने हासिल किया था। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की जनता के पूर्ण समर्थन को जाता है।

13600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना की शुरु

मुख्यमंत्री ने समृद्ध संस्कृतिक विविधता और प्रदेश की संस्कृति के प्रति अपने प्रेम के सम्बन्ध में कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नाटी न केवल तीन साल के दौरान, बल्कि अगले पांच साल तक भी निर्बाध रूप से चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी नाटी में भाग लेने पर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई टिप्पणी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के लिए इन नेताओं की अनादर की भावना को दर्शाती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के विकास के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।  इसके लिए प्रदेश सरकार ने हाल ही में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का सफल आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि अब तक 703 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जो  96000 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले साल 27 दिसम्बर को प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरे होने के अवसर पर 13600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना की ‘ग्राउंड ब्रेकिग सेरेमनी’ की गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद-370 को हटाने से भारत का एक झण्डा, एक संविधान और एक राष्ट्र का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि राम मन्दिर को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से अयोध्या में एक भव्य राम मन्दिर का निर्माण सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय की सभी ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के जनमंच कार्यक्रम से जनता की समस्याओं का समाधान उनके घरद्वार के निकट सुनिश्चित हो रहा है। प्रदेश की जनता की समस्या के त्वरित समाधान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अब प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना-1100 का शुभारम्भ किया है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम केन्द्र सरकार द्वारा उठाया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है और प्रदेश के लोग इस निर्णय में केन्द्र के साथ है क्योंकि इससे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आने वाले भेदभाव से ग्रस्त अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश से आने वाले हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों, जो इन देशों से अत्याचार के कारण यहां आए है उनके लिए है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम उपरोक्त हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदाय के प्रवासियों को संरक्षण प्रदान करने का प्रयास है ताकि उनके प्रवास या नागरिकता की स्थिति को लेकर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न हो और उन्हें भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने से रोका न जा सके।

मुख्यमंत्री ने सरताला में उप स्वास्थ्य केन्द्र और तत्तापानी क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और रख-रखाव के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने तत्तापानी-चुराग सड़क में ब्लैक स्पॉटस के सुधारीकरण और तत्तापानी में भूमि उपलब्ध होने के उपरान्त हैलीपैड के निर्माण की भी घोषणा की। देर सायं, मुख्यमंत्री ने तत्तापानी पर्यटन समारोह का उद्घाटन किया और सतलुज आरती में भाग लिया। इस अवसर पर लगभग 3000 दीप जलाए गए। मण्डी के सासंद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि तत्तापानी एक ऐतिहासिक स्थल है और यहां जलक्रीड़ा की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने तत्तापानी से शिमला के लिए इलैक्ट्रिक बस सेवा शुरु करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस स्थल पर आने वाले पर्यटकों को इस सुविधा का लाभ होगा।