Follow Us:

BJP विधायक सुधीर शर्मा ने पुलिस अफसरों को विशेषाधिकार हनन नोटिस दिया

सुधीर शर्मा ने 3 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस दिया

विधानसभा सत्र के दौरान विजिलेंस पूछताछ के लिए बुलाने पर उठाए सवाल

अब विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया करेंगे नोटिस पर फैसला


हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और धर्मशाला से BJP विधायक सुधीर शर्मा ने विधानसभा सत्र के दौरान विजिलेंस की ओर से पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को पत्र सौंपकर पुलिस के 3 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सुधीर शर्मा का आरोप है कि विधानसभा की कार्यवाही चलने के दौरान उन्हें एक मामले की जांच के सिलसिले में शिमला स्थित विजिलेंस कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया। उन्होंने इसे मानसिक रूप से परेशान करने का प्रयास बताया है।

विधायक ने पुलिस के जिन 3 अधिकारियों के खिलाफ नोटिस दिया है, उनमें पुलिस के मुखिया समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं। हालांकि, अधिकारियों के नाम पूछे जाने पर सुधीर शर्मा ने नाम बताने से परहेज किया।

धर्मशाला के मामले में शिमला बुलाने पर सवाल

सुधीर शर्मा के अनुसार जिस मामले में उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया, वह धर्मशाला में दर्ज है। मामले के जांच अधिकारी और संबंधित दस्तावेज भी धर्मशाला में हैं। इसके बावजूद उन्हें पूछताछ के लिए शिमला स्थित विजिलेंस कार्यालय बुलाया गया।

उन्होंने सवाल उठाया कि विधानसभा सत्र के दौरान विधायक की अपनी संवैधानिक और विधानसभा संबंधी जिम्मेदारियां होती हैं। ऐसे समय में जांच के लिए बुलाना उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश है।

करीब पौने 2 घंटे हुई पूछताछ

सुधीर शर्मा को बीते शुक्रवार को विजिलेंस मुख्यालय शिमला में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। वह कार्यालय पहुंचे, जहां विजिलेंस अधिकारियों ने उनसे करीब पौने 2 घंटे तक पूछताछ की।

पूछताछ के बाद अब सुधीर शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि विधानसभा अध्यक्ष उनके नोटिस पर संज्ञान लेते हुए नियमों के अनुसार कार्रवाई करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष के फैसले पर नजर

सुधीर शर्मा की ओर से नोटिस दिए जाने के बाद विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों को जांच के लिए बुलाने का मुद्दा गरमा सकता है। अब इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के रुख पर नजर रहेगी कि वह नोटिस को स्वीकार करते हैं या इस पर आगे क्या कार्रवाई करते हैं।