Follow Us:

मंडी के सुमित जम्वाल करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में

मंडी के सुमित जम्वाल करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में
दिल्ली में फरवरी 2026 में होगा मुकाबला, 45 देशों के खिलाड़ी होंगे शामिल
चोट के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर हासिल की अंतरराष्ट्रीय पहचान


मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के होनहार खिलाड़ी सुमित जम्वाल एक बार फिर भारत का नाम रोशन करने जा रहे हैं। फरवरी 2026 में दिल्ली के के.डी. जाधव कुश्ती इंडोर स्टेडियम में होने वाली अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में सुमित भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता में लगभग 45 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे, जो प्रदेश ही नहीं, पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।

सुमित जम्वाल ने हाल ही में छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में अपने पैर में गंभीर चोट के बावजूद पदक जीतकर इतिहास रचा था। उनके इस असाधारण प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की ओर से खेलने का मौका मिला।

साल 2024 में अभ्यास के दौरान लगी गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दो साल तक खेल से दूर रहने की सलाह दी थी। लेकिन सुमित ने हार नहीं मानी। मजबूत इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने ऑल इंडिया सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप (रायपुर) में शानदार वापसी करते हुए पदक जीता।

सुमित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दोस्त साहिल पंडित और अपने गुरु डॉ. संजय यादव (पार्शुराम अवार्डी) को दिया। उन्होंने कहा, “मेरे गुरु डॉ. संजय यादव ने हर परिस्थिति में मेरा साथ दिया और मुझे इस मुकाम तक पहुंचने के लिए तैयार किया।”

साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले सुमित जम्वाल की यह उपलब्धि आज मंडी और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनके संघर्ष और समर्पण ने यह साबित किया है कि इच्छाशक्ति और मेहनत से हर असंभव लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।