Follow Us:

नाबालिग को किडनैप करने की कोशिश! आरोपी के मुंह पर कालिख पोती; सुंदरनगर थाने के बाहर देर रात तक हंगामा, क्रॉस FIR

➤ सुंदरनगर में नाबालिग से छेड़छाड़ व अगवा करने की कोशिश का मामला
➤ आरोपी की लोगों ने की पिटाई, बाद में पुलिस को सौंपा
➤ दो समुदायों के बीच तनाव, पुलिस ने हालात किए काबू में


 हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले के सुंदरनगर में दिनदहाड़े एक नाबालिग लड़की को अगवा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति ने लड़की के साथ अशोभनीय हरकतें कीं और उसे कार में बैठाने की कोशिश की।.आरोप है कि इसी गाड़ी में व्यक्ति लड़की का पीछा करते हुए घर तक पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से नाबालिग का पीछा कर रहा था और स्कूल से आते-जाते समय उसे परेशान करता था। बुधवार शाम को वह लड़की के घर के पास पहुंचा, तो लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की और मुंह पर कालिख पोतने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

सुंदरनगर में पुलिस थाना के बाहर जुटे लोग।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सुंदरनगर के बाहर दोनों समुदायों के लोग जमा हो गए। इस दौरान तनावपूर्ण माहौल बन गया और दोनों पक्षों में झड़प की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया।

पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई बार उसका हाथ पकड़ने और कार में बैठाने की कोशिश कर चुका था। मंगलवार को भी उसने स्कूल से लौटते समय ऐसा किया था, लेकिन लड़की के शोर मचाने पर वह भाग गया

आरोपी के बारे में बताया जा रहा है कि वह करीब दस वर्ष विदेश में रह चुका है और वर्तमान में सुंदरनगर में बीज की दुकान चलाता है। उसकी दो शादियां हैं — एक कश्मीर में और दूसरी बिलासपुर ज़िले के घुमारवीं में।

दूसरे समुदाय के लोगों ने भी पुलिस को शिकायत दी है कि आरोपी की पिटाई के दौरान कुछ लोगों ने उसकी कार में तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। घटना के बाद मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।