PM Modi Vision 2047: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि “वे समोसे गिनने में व्यस्त हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास में लगे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय जनता को भ्रमित करने में लगी है।
तरुण चुघ ने कहा कि बजट 2025-26 देश के लिए गेम चेंजर साबित होगा और इससे गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं का उत्थान होगा। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सात करोड़ घर बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें तीन करोड़ पूरे हो चुके हैं और चार करोड़ पर काम जारी है।

उन्होंने यह भी बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत बुजुर्गों को 5 लाख रुपये का टॉप-अप कवर दिया जाएगा, जिससे 55 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। युवाओं के लिए नई शिक्षा नीति, खेलो इंडिया, 50,000 अटल टिंकरिंग लैब और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा, आईआईटी में 6500 नई सीटें बढ़ाई गई हैं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के तहत 10 करोड़ किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी गई है। मखाना बोर्ड के गठन की भी घोषणा की गई है, जिससे किसानों को नई संभावनाएं मिलेंगी।

हिमाचल को विशेष लाभ मिलने का दावा
तरुण चुघ ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी इस बजट से विशेष लाभ मिलेगा। भाजपा सरकार के दौरान 2014 से 2024 तक राज्य को 54,000 करोड़ रुपये का टैक्स अनुदान मिला है, जबकि कांग्रेस शासन (2004-2014) में मात्र 12,639 करोड़ रुपये दिए गए थे। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने हिमाचल को तीन गुना अधिक अनुदान दिया है।
![]()
“मोदी सरकार मंदिरों का विकास कर रही, कांग्रेस मंदिरों के पैसे पर नजर गड़ाए बैठी”
तरुण चुघ ने कहा कि मोदी सरकार मंदिरों का विकास कर रही है, जबकि कांग्रेस मंदिरों के धन पर नजर गड़ाए बैठी है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत पूरी तरह विकसित राष्ट्र बन जाएगा और मोदी सरकार का विजन देश को आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद थे।



