Follow Us:

ठियोग पानी घोटाला: विजिलेंस ने सरकार को सौंपी रिपोर्ट, एफआईआर की सिफारिश

Theog water supply scam: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग विधानसभा क्षेत्र में टैंकरों से पानी की आपूर्ति में करोड़ों रुपये के गड़बड़झाले की जांच में विजिलेंस ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। शुक्रवार को विजिलेंस के अधिकारियों ने यह रिपोर्ट अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ओंकार शर्मा को दी। इस मामले में विजिलेंस जांच के निर्देश पहले ही दिए गए थे। अब इस रिपोर्ट के आधार पर कानूनी सलाह ली जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कांगड़ा दौरे पर हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री राज्य से बाहर हैं। सचिवालय में उनकी वापसी पर इस मामले पर चर्चा की जाएगी।

विजिलेंस की रिपोर्ट में जल शक्ति विभाग और ठेकेदारों के बीच मिलीभगत के कई खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, टेंडर की शर्तों के तहत लेलू पुल के पास से स्वच्छ पानी की आपूर्ति होनी चाहिए थी, लेकिन जांच में पता चला कि ठेकेदारों ने इस स्थान से पानी भरा ही नहीं। टैंकर और पिकअप चालक नालों से पानी भरकर आपूर्ति करते रहे।

आरोप है कि ठेकेदारों ने जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी बिल तैयार किए। निलंबित इंजीनियरों और अन्य अधिकारियों ने बिना जांचे बिल आगे बढ़ा दिए। इसके बाद फाइलें एसडीएम कार्यालय भेजी गईं और ठेकेदारों को भुगतान कर दिया गया।

विजिलेंस ने मामले में 90 लोगों से पूछताछ की, जिनमें एसडीएम ठियोग, निलंबित इंजीनियर, टैंकर चालक और ठेकेदार शामिल हैं। रिपोर्ट में एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की गई है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद और कई परतें खुलने की संभावना है।