Follow Us:

हिमाचल में अभी बारिश के नहीं कोई आसार, चार जिलों में आज और कल लू चलने की चेतावनी

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में मार्च महीने में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड दिया है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले 5 से 7 दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं है। इस दौरान प्रदेश में गर्म हवाएं चलेंगी। वहीं, मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में शुक्रवार और शनिवार को लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

बता दें कि प्रदेश में मार्च के दौरान इस साल सामान्य से 95 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे पहले साल 2008 में मार्च में सामान्य से 96 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई थी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले दिनों में पारा और अधिक चढ़ने की संभावना जताई है। मैदानी जिलों में दिन के साथ-साथ रात को भी गर्मी बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं, मार्च महीने में बारिश न होने से गेहूं के उत्पादन पर संकट गहरा गया है।