Follow Us:

4 करोड़ से मॉडल बनेगा हिमाचल का ये कॉलेज, इससे पहले भी केंद्र सरकार दे चुकी है इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रांट

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल के एक और कॉलेज को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय मॉडल कॉलेज बनाने की तैयारी में है। सोमवार को नई दिल्ली में हुई राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड (पीएबी) की बैठक में चंबा कॉलेज को मॉडल बनाने की घोषणा हुई।
इसके लिए केंद्र सरकार ने चार करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। प्रदेश में सराहां, लिल्ह कोठी, रिकांगपिओ और कोटखाई कॉलेज के बाद अब पांचवां कॉलेज मॉडल बनाने का फैसला लिया गया है।

सचिव केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की अध्यक्षता में हुई रूसा की पीएबी बैठक में राजधानी शिमला स्थित सेंट बीड्स कॉलेज को दो करोड़ की इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रांट भी मंजूर हुई।

इससे पहले भी केंद्र सरकार सेंट बीड्स कॉलेज को दो करोड़ की इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रांट दे चुकी है। इस राशि को कॉलेज में बुनियादी ढांचा तैयार करने पर खर्च किया जा सकेगा। बैठक में रूसा वन के तहत हिमाचल को जारी बजट को जल्द खर्च करने के आदेश दिए। लिल्ह कोठी कॉलेज का जल्द होगा शिलान्यास।

केंद्रीय अधिकारियों ने कहा कि रूसा वन को खत्म किया जा रहा है। हिमाचल में रूसा वन के तहत जारी हुआ अधिकांश बजट खर्च कर दिया गया है। लेकिन क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को जारी हुआ बजट अभी खर्च नहीं हुआ है।

ऐसे में इसके तहत जारी बजट के यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट जल्द भेजने के आदेश भी दिए गए। बैठक में हिमाचल सरकार को अपने कॉलेजों को नैक से मान्यता लेने के आदेश भी दिए गए।