Follow Us:

धर्मशाला अस्पताल की स्टाफ नर्स ने वैक्सीनेशन में किया कमाल, मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

मृत्युंजय पुरी |

प्रदेश भर में कोविड वैक्सीनेशन में उम्दा प्रदर्शन करने वाली क्षेत्रीय चिकित्सालय धर्मशाला की स्टाफ नर्स इंदु को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। इंदु को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की ओर से एनआइएचएफडब्ल्यू मुनिरका नई दिल्ली में आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के एक राष्ट्रीय समारोह में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। क्षेत्रीय चिकित्सालय धर्मशाला की टीम ने इंदु को इस पुरस्कार के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

क्षेत्रीय चिकित्सालय के एसएमएस डा. गुलेरी ने बताया कि पुरस्कार विजेता स्टाफ नर्स को कोविड पोर्टल से चुना गया है। पुरस्कार विजेताओं को टीकाकरण की संख्या के मामले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर कोविड पोर्टल से चुना गया था। उन्होंने बताया कि इससे पूरा स्टाफ काफी खुश है। उन्होंने इंदु के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की है।

बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवास पर 70 ऐसी महिला स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित करने का फैसला लिया है जिन्होंने अपने प्रदेशों में सबसे अधिक संख्या में टीकाकरण किया। इन 70 महिला स्वास्थ्य कर्मियों में दो स्वास्थ्य कर्मी हिमाचल प्रदेश से भी शामिल हैं। इनमें से एक धर्मशाला की इंदु हैं जबकि दूसरी स्वास्थ्य कर्मी सिरमौर जिला की रहने वाली है।