Follow Us:

तिब्बतियन यूथ कांग्रेस का चीन के खिलाफ प्रदर्शन, मेड इन चाइना सामान के बहिष्कार का किया आह्वान

मृत्युंजय पूरी |

तिब्बतियन यूथ कांग्रेस (टीवाईसी) ने पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में चीन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। टीवाईसी के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में निर्वासित सरकार के सांसदों, टीवाईसी कार्यकर्ताओं, निर्वासित तिब्बतियों और भारत-तिब्बत मैत्री संघ पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान जहां कोरोना की वजह से विश्व के विभिन्न देशों में हुई लोगों की मौत के लिए चीन को जिम्मेवार ठहराया गया, वहीं विश्व भर से चीन निर्मित सामान के बहिष्कार का आहवान किया गया।

इस दौरान टीवाईसी कार्यकर्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति के पुतले के साथ चीन निर्मित सामान को भी जलाया। मैक्लोडगंज के मुख्य चौक पर किए गए प्रदर्शन में निर्वासित तिब्बतियों का चीन के खिलाफ गुस्सा फूटा। गल्वान घाटी में जो हुआ, उसके लिए भी निर्वासित तिब्बतियों ने चीन के खिलाफ नारेबाजी की। टीवाईसी की ओर से भारत माता की जय और दलाईलामा के नारे लगाए गए। टीवाईसी पदाधिकारियों का कहना है कि चीन हमेशा से विस्तारवाद की नीति अपनाता रहा है, जिसके चलते चीन ने तिब्बत पर अवैध कब्जा किया और भारत के खिलाफ साजिशें रच रहा है। इस दौरान टीवाईसी के बैनर तले मैक्लोडगंज में चीन के खिलाफ जुलूस भी निकाला गया।

तिब्बतियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष गोम्पो डोंडुप ने कहा कि चीन की वजह से आज कोरोना के चलते विश्व के कई देश प्रभावित हुए हैं। ऐसे में टीवाईसी चीनी सामान के बहिष्कार का आहवान कर रही है। कई लोगों की वायरस की वजह से मौत हो चुकी है। चीन के खिलाफ आज भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों में जहां निर्वासित तिब्बती रह रहे हैं, वहां प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।