Shimla Mall Road Tourist Protest: शिमला के मालरोड पर रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब राजस्थान और हरियाणा से आए करीब 70 से 80 पर्यटकों का एक समूह पुलिस से उलझ पड़ा। ये पर्यटक मालरोड पर नाच-गा रहे थे, लेकिन पुलिस ने धारा 144 का हवाला देते हुए उन्हें ऐसा करने से रोका। इस पर पर्यटकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई, जो देर शाम तक चलती रही। इसके बाद पर्यटकों ने पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर धरना दे दिया और पुलिस पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया।
पुलिस का कहना है कि पर्यटकों को सिर्फ नियमों का पालन करने के लिए कहा गया था और कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया। दूसरी ओर, पर्यटक पुलिस की कार्रवाई से नाराज नजर आए। शिमला के रिज मैदान और मालरोड पर धारा 144 लागू होने के चलते यहां शोर-शराबा और हुड़दंग करना प्रतिबंधित है। हालांकि, विशेष मौकों पर प्रशासन की ओर से इसमें ढील दी जाती है, लेकिन सामान्य दिनों में इस नियम का सख्ती से पालन किया जाता है।
रिज मैदान की सुरक्षा को देखते हुए यहां वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध है, सिर्फ विशेष परिस्थितियों में एम्बुलेंस या मुख्यमंत्री और राज्यपाल की गाड़ी को यहां आने की अनुमति मिलती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सिर्फ अपने कर्तव्य का पालन किया है और पर्यटकों को नियमों की जानकारी देकर उन्हें शांत कर दिया गया है।