Himachal Accident and Fire: हिमाचल प्रदेश में दो अलग-अलग घटनाओं ने तीन की मौत हो गई है। चंबा जिले के तीसा में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, शिमला के रामपुर क्षेत्र में जंगल में आग लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
चंबा: गहरी खाई में गिरी कार, दो की मौत, एक घायल
चंबा के तीसा क्षेत्र में भलेड़ नाला के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मारुति कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार चालक भूरी सिंह (निवासी कुठेड़, देयोला) और कार सवार रूपा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री प्रेमलता गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे आ रहे एक वाहन चालक ने घटना देखी और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। प्रेमलता को झाड़ियों से निकाला गया, उसके सिर से खून बह रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद प्रेमलता को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया।
पुलिस थाना तीसा के प्रभारी अशोक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
शिमला: जंगल की आग में बुजुर्ग महिला की मौत
शिमला के रामपुर क्षेत्र के सरपारा पंचायत के सुगा गांव स्थित मलोआ जंगल में शुक्रवार दोपहर लगी आग में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला तिलामणी की मौत हो गई। आग की लपटों ने महिला को अचानक घेर लिया, जिससे वह बाहर नहीं निकल पाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। वन मंडलाधिकारी गुरहर्ष सिंह ने घटना की पुष्टि की है और कहा कि अधिकारियों द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है।
यह घटना इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि पिछले साल भी इसी क्षेत्र में जंगल की आग में एक व्यक्ति की जान चली गई थी। इसके अलावा, आनी क्षेत्र में भी एक महिला की मौत जंगल की आग के कारण हुई थी। वन विभाग ने जनता से अपील की है कि वे जंगलों में आग से बचाव को लेकर सतर्क रहें और अगर कोई जानबूझकर आग लगाता है तो तुरंत विभाग को सूचित करें।



