Follow Us:

डेरा हिंसा का हिमाचल पर असर, बहाल नहीं होगी HRTC बस सेवा

पीं. चंद |

डेरा सच्चा सौदा के राम रहीम को कोर्ट की ओर से दोषी करार देने के बाद भड़की हिंसा का असर हिमाचल पर भी पड़ा है। इस हिंसा के मद्देनजर हिमाचल के परिवहन मंत्री जीएस बाली ने चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की ओर जाने वाली HRTC की बसों के रूट अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए हैं। यह निर्णय परिवहन मंत्री ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्यों में संवेदनशील माहौल के दृष्टिगत हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें 26 अगस्त शनिवार को भी चंडीगढ़ की ओर नहीं चलाई जाएंगी। गौरतलब है कि परिवहन मंत्री ने बीते रोज इस संबंध में निगम की बसों को स्थिति सामान्य हो जाने तक चण्डीगढ़, पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली की ओर न चलाने का निर्णय लिया था।

बाली ने कहा कि इन रूटों पर बसें चलाने को लेकर शनिवार बाद दोपहर तीन बजे पुनः समीक्षा बैठक की जाएगी और उसके पश्चात ही रूट बहाल करने पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा पर खेद व्यक्त किया है। साथ ही लोगों से कानून का सम्मान करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।