Himachal Road Accidents: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के दाड़लाघाट में हुए एक सड़क हादसे में एक तीन माह की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। वहीं, एक अन्य हादसे में शिमला जिले के एक व्यक्ति की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मीना कुमारी पत्नी शशि पाल, निवासी गांव तुणी, अर्की, जिला सोलन ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने पति और दो बेटियों के साथ गांव चौरूटू में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी।
शादी से लौटते समय जब वे गांव असलू के पास पहुंचे तो गाड़ी चला रहे चालक कमलेश कुमार ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाई, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में मीना कुमारी, शशि पाल और पूजा वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन माह की मासूम बच्ची शिवांशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की पुष्टि डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से गाड़ी चलाने की बात सामने आई है।
वहीं, करसोग-शिमला मार्ग पर स्थित जरोड़ (माहोटा) में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें शिमला जिले के 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार पांगणा से शिमला की ओर जा रहा था। जब वह तत्तापानी से आठ किलोमीटर पीछे जरोड़ (माहोटा) नामक स्थान पर पहुंचा, तो कार अनियंत्रित होकर 450 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में कार सवार दीनानाथ (45), निवासी गांव दगयाना, डाकघर अखरोह, तहसील सदर, जिला शिमला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही तत्तापानी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक चिकित्सालय सुन्नी भेजा गया।
थाना प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
सड़क हादसों पर प्रशासन अलर्ट
लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखने की अपील की है। पुलिस भी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सख्त रुख अपना रही है।



