Follow Us:

ऊना को ₹260 करोड़ की बड़ी सौगात, हरोली बल्क ड्रग पार्क और महिला छात्रावास का शिलान्यास


➤ मुख्यमंत्री ने ऊना जिले को ₹260 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी
➤ हरोली में ₹250 करोड़ के बल्क ड्रग पार्क साइट विकास कार्य का शिलान्यास
➤ पंजुआना में ₹10 करोड़ के कामकाजी महिला छात्रावास की आधारशिला रखी



हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने रविवार को ऊना जिले के हरोली उपमंडल को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने पोलियां बीत में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क परियोजना के तहत ₹250 करोड़ की लागत से साइट विकास और आधारभूत संरचना कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इसके साथ ही पंजुआना में ₹10 करोड़ की लागत से बनने वाले कामकाजी महिला छात्रावास की आधारशिला भी रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है और इससे हरोली क्षेत्र को औद्योगिक विकास की नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले छह से आठ महीनों के भीतर कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए

उन्होंने बताया कि यह पूरा औद्योगिक परिसर करीब ₹2000 करोड़ की लागत से विकसित किया जा रहा है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार ₹1000-₹1000 करोड़ का साझा निवेश कर रही हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, देशभर में केवल तीन बल्क ड्रग पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक हरोली में स्थापित होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

इस परियोजना से फार्मा सेक्टर को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) के निर्माण में यह परियोजना भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी और कच्चे माल के लिए बाहरी देशों पर निर्भरता कम करेगी।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कृषि और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों में CBSE पैटर्न लागू करने के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में देश में बेहतर स्थान पर पहुंचा है।

किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्राकृतिक गेहूं का MSP ₹60 से बढ़ाकर ₹80 प्रति किलो, मक्की ₹40 से ₹50 और प्राकृतिक हल्दी ₹90 से बढ़ाकर ₹150 प्रति किलो किया गया है।

उपमुख्यमंत्री Mukesh Agnihotri ने कहा कि हरोली को वैश्विक औद्योगिक पहचान दिलाने के लिए प्रदेश सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ₹66 करोड़ की पेयजल परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और ₹3400 करोड़ की प्रस्तावित रेलवे लाइन इस पार्क को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

इसके अलावा ₹500 करोड़ की संतोषगढ़-जैंजों सड़क योजना और ₹175 करोड़ की नई पेयजल योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है, जिससे जिला ऊना के हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा।

उद्योग मंत्री Harshwardhan Chauhan ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क हिमाचल की औद्योगिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा और निवेश, रोजगार तथा आर्थिक विकास के नए अवसर खोलेगा।