➤ वेदव्यास परिसर में दस दिवसीय अखिल भारतीय संस्कृत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
➤ 350 प्रतिभागी छात्रों को मिलेगा भाषाबोधन व प्रशिक्षण का अवसर
➤ मुख्यातिथि SDM कुलवंत पोटन सहित संस्कृत भारती के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रागपुर के बलाहर स्थित केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर में शनिवार से दस दिवसीय अखिल भारतीय संस्कृत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन संस्कृतभारती–हिमाचल प्रदेश न्यास एवं केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन देहरा के उपमंडलाधिकारी कुलवंत सिंह पोटन ने किया, जबकि संस्कृतभारती हिमाचल प्रदेश के प्रांताध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, परिसर निदेशिका प्रो. सत्यम कुमारी, उत्तर क्षेत्र प्रशिक्षण प्रमुख संजीव पाठक तथा सहनिदेशक प्रो. मञ्जुनाथ भट्ट समारोह में विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सत्यदेव ने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण शिविर में कुल 350 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें विव्यस परिसर के शिक्षाशास्त्री और प्राक्शास्त्री के छात्र शामिल हैं। प्रशिक्षण में भाषाबोधन, प्रबोधन, प्रशिक्षण तथा प्रगत प्रशिक्षण के विभिन्न चरणों में विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
मुख्यातिथि कुलवंत सिंह पोटन ने विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और संस्कृत शिक्षा को समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस तरह के कार्यक्रमों में बढ़–चढ़कर हिस्सा लें ताकि अपनी संस्कृतिक विरासत को जीवंत रखा जा सके।
इस अवसर पर संस्कृतभारती हिमाचल प्रदेश के प्रशिक्षण प्रमुख डॉ. मुकेश कुमार, उत्तर क्षेत्र बाल केंद्र प्रमुख विनायक हेगड़े, शलाकापरीक्षा प्रमुख डॉ. जयकृष्ण, प्रांत पत्राचार प्रमुख श्री अरविंद डोगरा, वेदाचार्य डॉ. सन्नीकुमार, नूरपुर जनपद संयोजक अभिषेक शर्मा सहित अनेक प्रशिक्षक व संयोजक उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन डॉ. पुरुषोत्तम ने किया और समापन पर डॉ. विनोद शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में परिसर की विविध विद्याशाखाओं के संयोजक, आचार्य व कर्मचारी भी सम्मिलित रहे।



