Follow Us:

फिर टला वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, अब 15 जुलाई को भी नहीं होगा, जानें वजह

स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 15 जुलाई को भी नहीं होगा
मौसम और मंडी आपदा के चलते कार्यक्रम स्थगित
प्रतिमा रिज मैदान में लग चुकी, नई तारीख तय नहीं



हिमाचल प्रदेश की राजनीति के महत्वपूर्ण चेहरे रहे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण एक बार फिर टल गया है। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर लग चुकी प्रतिमा का अनावरण अब 15 जुलाई को भी नहीं होगा।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, जो स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी भी हैं, ने इसकी जानकारी दी। मौसम की अस्थिरता और मंडी में आई आपदा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल अनावरण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है और नई तारीख तय नहीं की गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 जून को प्रतिमा का अनावरण होना था, जिसे स्थगित कर 15 जुलाई की नई तारीख तय की गई थी। अब दूसरी बार कार्यक्रम को टालना पड़ा है। हालांकि रिज मैदान में प्रतिमा लग चुकी है, लेकिन उसे ढककर रखा गया है।

वीरभद्र सिंह की आज चौथी पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रदेशभर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

15 जुलाई को आयोजित होने वाले अनावरण समारोह में कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल सहित कई केंद्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना थी। लेकिन अब यह कार्यक्रम अनिश्चितकाल के लिए टल गया है।

यह समारोह हिमाचल की राजनीति में वीरभद्र सिंह के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाना था। उनकी प्रतिमा का अनावरण अब मौसम और स्थिति सामान्य होने के बाद ही किया जाएगा।