Follow Us:

खराब मौसम के चलते उपराष्ट्रपति का शिमला दौरा रद्द, भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान का कार्यक्रम भी टला

लगातार खराब मौसम के कारण उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का शिमला दौरा रद्द
भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान में होने वाले सभी प्रस्तावित कार्यक्रम हुए स्थगित
‘वंदे मातरम : एक यात्रा’ प्रदर्शनी और सरदार पटेल संगोष्ठी का उद्घाटन टला


शिमला। लगातार खराब मौसम के चलते उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का शुक्रवार को प्रस्तावित शिमला दौरा रद्द कर दिया गया है। दौरा रद्द होने के कारण भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (आईआईएएस) में आयोजित होने वाले सभी प्रमुख कार्यक्रम भी फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को आईआईएएस परिसर में ‘वंदे मातरम : एक यात्रा’ नाम से तैयार स्थायी प्रदर्शनी का उद्घाटन करना था। इसके साथ ही उनके हाथों सरदार वल्लभभाई पटेल पर आधारित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ भी प्रस्तावित था। हालांकि, खराब मौसम के कारण इन कार्यक्रमों को फिलहाल टाल दिया गया है।

उद्घाटन समारोह के दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन पर आधारित संगोष्ठी तथा संस्थान के कई महत्वपूर्ण अकादमिक प्रकाशनों और बहुभाषी कविता संग्रह का लोकार्पण भी प्रस्तावित था। इन कार्यक्रमों में देश और विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों की भागीदारी निर्धारित की गई थी।

संगोष्ठी में राष्ट्रीय एकीकरण, सहकारी संघवाद, संवैधानिक शासन व्यवस्था तथा सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों पर व्यापक मंथन होना था। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

अब मौसम सामान्य होने के बाद इन कार्यक्रमों की नई तिथि घोषित किए जाने की संभावना है। प्रशासन और आयोजकों की ओर से फिलहाल नई तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।