Follow Us:

SP विजिलेंस धर्मशाला का ASP को एडिश्नल चार्ज


IPS अदिति के अवकाश के चलते ASP को अतिरिक्त प्रभार
तीन महीनों में 24 छुट्टियों का आदेश में उल्लेख


हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की नॉर्दर्न रेंज धर्मशाला में प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने के लिए  SP विजिलेंस धर्मशाला का अतिरिक्त कार्यभार अब ASP विजिलेंस धर्मशाला ब्रह्म दास भाटिया को सौंप दिया है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशालय की ओर से औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

आदेशों के अनुसार, IPS अदिति सिंह, जो वर्तमान में SP विजिलेंस के पद पर तैनात हैं, पिछले तीन महीनों के दौरान लगातार अवकाश पर रहीं। रिकॉर्ड में दर्ज विवरण के मुताबिक उन्होंने इस अवधि में कुल 24 दिन की छुट्टियां लीं। इनमें 13 दिन की अर्जित अवकाश (EL), 6 दिन की आकस्मिक अवकाश (CL) और 5 दिन की बीमारी अवकाश (SL) शामिल है। इसके अतिरिक्त दिसंबर 2025 में आयोजित मिड-करियर इंटरैक्शन कार्यक्रम में भाग लेने के कारण भी वे मुख्यालय से बाहर रहीं।

सरकारी आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि अधिकारी के बार-बार अवकाश पर रहने के कारण कार्यालय के नियमित कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। विजिलेंस जैसे संवेदनशील विभाग में फाइलों के निस्तारण, जांच प्रक्रियाओं और प्रशासनिक समन्वय में निरंतरता बेहद आवश्यक मानी जाती है। ऐसे में कार्यप्रणाली प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए यह प्रशासनिक कदम उठाया गया।

आदेश के तहत अब ब्रह्म दास भाटिया को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था अदिति सिंह के अवकाश या मुख्यालय से अनुपस्थित रहने की स्थिति में प्रभावी रहेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि भाटिया केवल अनुपस्थिति के दौरान ही नहीं, बल्कि समन्वय के आधार पर भी कार्य करेंगे ताकि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो।

यह प्रशासनिक आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य केवल कार्यालय की कार्यक्षमता और निरंतरता बनाए रखना है, ताकि विजिलेंस विभाग के दायित्वों के निर्वहन में कोई व्यवधान न आए।