Follow Us:

150 किमी यात्रा कर विजय भाटिया ने फैलाया एकता का संदेश

➤ राष्ट्रीय यूनिटी मार्च में मंडी के युवा जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया ने हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया
➤ 150 किमी की पदयात्रा में दिया एक भारत–आत्मनिर्भर भारत का संदेश
➤ 28 नवंबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया में होगा मार्च का ऐतिहासिक समापन


युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय यूनिटी मार्च में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के युवा जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया ने प्रदेश की युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व किया। विजय भाटिया ने अपने नेरघरवासाड़ा वार्ड-3 और जोगिंदरनगर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरव के साथ दर्ज करवाया।

यह ऐतिहासिक राष्ट्रीय यूनिटी मार्च 22 नवंबर को दिल्ली से प्रारंभ हुआ था, जिसका शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने किया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए पूरे भारत से चुनिंदा युवा चयनित किए गए थे, जिनमें हिमाचल प्रदेश से केवल 21 युवा शामिल थे — और उनमें से एक विजय भाटिया रहे।

मार्च के दौरान युवा प्रतिनिधियों ने लगभग 150 किलोमीटर की पैदल यात्रा की। यात्रा के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संगठनों और हजारों नागरिकों ने प्रतिभागियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

दिल्ली से आरंभ यह विशेष यात्रा “गंगा प्रवाह” समूह का हिस्सा थी, जिसमें उत्तर भारत के आठ राज्यों के युवा सम्मिलित हुए। 26 नवंबर को यह यात्रा गुजरात पहुंची, जहाँ इसका भव्य स्वागत किया गया।

राष्ट्रीय यूनिटी मार्च का ऐतिहासिक समापन 28 नवंबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया में होने जा रहा है, जहाँ पूरे देश से पहुंचे युवाओं को राष्ट्रीय एकता और आत्मनिर्भर भारत के संदेश के साथ सम्मानित किया जाएगा।