-
विक्रमादित्य सिंह ने राहुल-प्रियंका से मुलाकात कर शिमला आने का न्योता दिया
-
23 जून को वीरभद्र सिंह की जयंती पर शिमला में प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम
-
हिमाचल में कांग्रेस संगठन की स्थिति पर भी हुई अहम चर्चा
शिमला, पराक्रम चंद: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात कर उन्हें 23 जून को शिमला आने का आमंत्रण दिया। यह दिन पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की जयंती का अवसर है। इस दिन शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होना प्रस्तावित है।
इस मौके को खास बनाने के लिए विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से भी दिल्ली में भेंट कर न्योता दिया।
इस मुलाकात के बाद हिमाचल कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाएं भी तेज हो गईं। कांग्रेस का प्रदेश संगठन बीते सात महीनों से निष्क्रिय है। 6 नवंबर 2023 को मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणियों को भंग कर दिया था। केवल प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही पद पर बनी हुई हैं, जिनका कार्यकाल अप्रैल 2025 में समाप्त हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, विक्रमादित्य सिंह ने राहुल गांधी और खड़गे से नए संगठन के गठन में तेजी लाने का आग्रह किया है। कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक शून्यता को लेकर निराशा है, और सरकार व पार्टी दोनों स्तरों पर संवादहीनता देखने को मिल रही है।
राज्य में पार्टी के कई मंत्री भी खुले तौर पर कांग्रेस संगठन को ‘पैरालाइज्ड’ करार दे चुके हैं। ऐसे में 23 जून को होने वाला कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि संगठनात्मक चेतना जगाने का राजनीतिक मंच भी बन सकता है।