➤
➤ पधर मंडल की पांच सड़कों पर खर्च होंगे 26 करोड़, पुल निर्माण को 140 करोड़ की मंजूरी
➤ सरानाहुली मेले में ऋषि पराशर मंदिर में की पूजा, पर्यावरण के साथ पर्यटन बढ़ाने पर
विपलव सकलानी, पराशर / मंडी
Vikramaditya Singh Parashar Visit: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात पर्यटन स्थल पराशर में आयोजित जिला स्तरीय सरानाहुली मेले के समापन समारोह में पहुंचे लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जहां देव ऋषि पराशर के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की, वहीं क्षेत्र के लिए लगभग 62 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया।
विक्रमादित्य सिंह ने इस मौके पर कहा कि उन्हें पहली बार पराशर की पवित्र भूमि पर आने का अवसर मिला है। यहां स्थित प्राचीन मंदिर और पवित्र झील की दिव्यता न केवल अध्यात्म का अनुभव कराती है बल्कि इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं भी देती है।
समारोह के दौरान 61.74 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क और पुल परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। इसमें शामिल हैं:
-
कटौला-बोदनधार-कुंडख-टिहरी-कालंग-पटौंस सड़क (7.09 करोड़ रुपये)
-
पंडोह से शिवाबदार सड़क पर ब्यास नदी पर बनने वाला 110 मीटर लंबा पुल (24.63 करोड़ रुपये)
-
मंडी-कमांद-कटौला-बजौरा सड़क का रखरखाव कार्य (11.84 करोड़ रुपये)
-
नेरी से बिहनधार सड़क का स्तरोन्नयन (18.18 करोड़ रुपये)
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGYS) के चौथे चरण के तहत पधर मंडल की पांच सड़कों के लिए 26 करोड़ रुपये के प्राक्कलन की घोषणा की गई। साथ ही पुलों के निर्माण के लिए 140 करोड़ रुपये की मंजूरी केंद्र सरकार से प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
पिछले वर्षों की बाढ़ में बहा पंडोह का ऐतिहासिक पुल अब नए रूप में बनाया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई अधिक रखी गई है ताकि जल स्तर के बढ़ने पर पुल को नुकसान न पहुंचे। इसकी निविदा प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कमांद-कटौला-बजौरा सड़क, जो कि पिछले बरसात में फोरलेन सड़क के बंद होने पर वैकल्पिक मार्ग बनी, अब इस पर लगभग 12 करोड़ रुपये का रखरखाव कार्य शुरू किया गया है।
पराशर में सामुदायिक भवन के निर्माण का आश्वासन भी मंत्री ने भूमि उपलब्धता के आधार पर दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने मेला आयोजन समिति को 51 हजार रुपये की राशि अपनी ओर से देने की घोषणा की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान विमला देवी, जिला परिषद सदस्य रीता ठाकुर, एसडीएम रूपिंद्र कौर, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एन.पी. चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मेला आयोजन समिति, स्थानीय संगठनों, और जनसमूह ने मंत्री का भव्य स्वागत किया और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान ऋषि पराशर पर आधारित पुस्तिका का विमोचन और प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया गया।



