Follow Us:

गडकरी से मिले विक्रमादित्य, भूभू जोत टनल और एनएच के लिए मांगा सहयोग

Vikramaditya Singh Meet Gatkari:  हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने सीआरआईएफ (सेंट्रल रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर फंड) के तहत हिमाचल प्रदेश के लिए 350 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह राशि सड़क संपर्क को बेहतर बनाने और राज्य के आर्थिक विकास को गति देने में सहायक होगी।

लोक निर्माण मंत्री ने भुभू जोत में सुरंग निर्माण और घटासनी-शिल्हा-बधानी-भुभू जोत-कुल्लू वैकल्पिक सड़क परियोजना के लिए सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि भुभू जोत टनल के निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग 144 की दूरी लगभग 40 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा होगी।

इसके अलावा, विक्रमादित्य सिंह ने कांगड़ा और हमीरपुर जिलों को जोड़ने वाले बसंती पत्तन-खेरी पुल के निर्माण के लिए 125.57 करोड़ रुपये की मंजूरी की मांग की। यह डबल लेन पुल ब्यास नदी पर बनेगा, जो क्षेत्रीय यातायात को सुगम बनाएगा। उन्होंने मंडी जिले में पंडोह नदी पर सिंगल लेन स्टील ट्रस मोटरेबल पुल निर्माण के लिए 19.09 करोड़ रुपये की मांग भी की।

मंत्री ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को रोपवे परियोजनाओं के लिए पर्यावरणीय मंजूरी में छूट देने की दिशा में समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल प्रदेश को इन परियोजनाओं में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।