➤ बजट 2026-27 को विकसित भारत और युवाओं की आकांक्षाओं से जोड़ा
➤ पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ किया गया
➤ खेल, एवीजीसी, डिजाइन और क्रिएटिव सेक्टर में बड़े अवसरों का ऐलान
नई दिल्ली, 1 फरवरी 2026। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने वित्त वर्ष 2026-27 के आम बजट को विकसित भारत के संकल्प और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के लिए संतुलित, समावेशी और भविष्य उन्मुख है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्ध है और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट आर्थिक संप्रभुता, संसाधनों के समान वितरण और जन आकांक्षाओं की पूर्ति का प्रतीक है। उन्होंने इसे रोजगार, विकास और सामाजिक सुरक्षा पर केंद्रित बजट बताया।
उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला को और मजबूत करता है। पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर को पिछले वर्ष के ₹11.2 लाख करोड़ से बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ किया गया है, जो भारत को भविष्य की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
खेल क्षेत्र पर बात करते हुए उन्होंने ‘खेलो इंडिया मिशन’ की शुरुआत को जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने वाला कदम बताया। इसके साथ खेल विज्ञान, खेल संस्कृति, प्रतियोगिताओं और लीग के आयोजन तथा खेल ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया है।
बजट में एवीजीसी (Animation, Visual Effects, Gaming and Comics) सेक्टर को उद्योग के रूप में बढ़ावा देने का प्रस्ताव रखा गया है। 2030 तक इस क्षेत्र में 20 लाख पेशेवरों की आवश्यकता का अनुमान है। मुंबई में भारतीय क्रिएटिव टेक्नोलॉजी संस्थान की स्थापना, 15000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने की योजना रखी गई है।
इन लैब्स में छात्रों को गेम डिजाइन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन की आधुनिक ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही नए नेशनल डिजाइन स्कूल खोलने का भी प्रस्ताव है, जिससे क्रिएटिव और टेक्निकल डिजाइन स्किल को संस्थागत समर्थन मिलेगा। गेमिंग और क्रिएटिव इंडस्ट्री में 10 लाख से अधिक रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने खुद को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया है और यह बजट उस विकास यात्रा को और मजबूती देगा।



