Follow Us:

नेगी की मौत मामले में मीणा की जमानत 15 मई तक बढ़ी

  • हाईकोर्ट ने हरिकेश मीणा की अंतरिम जमानत 15 मई तक बढ़ाई

  • एसआईटी ने पेश की स्टेटस रिपोर्ट, जांच में और तथ्य आने बाकी

  • चीफ इंजीनियर विमल नेगी की झील में लाश मिलने से मचा था हड़कंप


Vimal Negi death case: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPPCL) के पूर्व प्रबंध निदेशक हरिकेश मीणा को राहत देते हुए उनकी अंतरिम जमानत की अवधि 15 मई तक बढ़ा दी है। यह मामला चीफ इंजीनियर विमल नेगी की रहस्यमयी मौत से जुड़ा हुआ है, जो 10 मार्च से लापता थे और 18 मार्च को गोविंद सागर झील में उनका शव मिला था।

विमल नेगी की पत्नी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि मीणा समेत कई उच्च अधिकारी उनके पति को मानसिक प्रताड़ना दे रहे थे, जिससे वह तनाव में थे। इसी शिकायत के आधार पर न्यू शिमला थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें पूर्व एमडी हरिकेश मीणा और पूर्व निदेशक देशराज के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए।

इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने शुक्रवार को हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पेश की। अतिरिक्त महाधिवक्ता ने अदालत को अवगत कराया कि अभी जांच में कुछ अहम तथ्य शेष हैं और इसी वजह से सरकार ने और समय मांगा है। न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह की अदालत ने यह समय 15 मई तक के लिए दिया है। पिछली सुनवाई में अदालत ने मीणा की गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी थी।