➤ हाईकमान ने विनय कुमार को हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बनाया
➤ प्रतिभा सिंह की जगह मिली कमान, डिप्टी स्पीकर पद से दिया इस्तीफा
➤ अब बनाएंगे नई टीम, संगठनात्मक बदलाव होंगे तेज
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा बदलाव करते हुए विधायक विनय कुमार को पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह अब तक इस जिम्मेदारी पर रही प्रतिभा सिंह की जगह लेंगे।
विनय कुमार रेणुकाजी सीट से तीसरी बार के विधायक हैं और अब तक विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे, लेकिन उन्हें पार्टी की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद इस पद से इस्तीफा देना पड़ा।

विनय कुमार लंबे समय तक पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाते रहे हैं। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद प्रतिभा सिंह को अप्रैल 2022 में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था, जिसके कुछ समय बाद विनय कुमार को वर्किंग प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया था। अब पार्टी ने पूरा नेतृत्व उन्हीं के हाथों में सौंप दिया है।
सूत्रों के अनुसार, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने उनका नाम आगे रखा था, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस पर सहमति जताई।
अब विनय कुमार अपनी नई टीम गठित करेंगे, क्योंकि वर्तमान में प्रदेश की राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग है। हाईकमान द्वारा भेजे गए ऑब्जर्वरों ने संगठनात्मक समीक्षा पूरी कर ली है। नई टीम का गठन विनय कुमार की सहमति के बाद होगा।



