Follow Us:

कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ मार्च

भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने और वोट चोरी के आरोप
कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारे के साथ केंडल मार्च
डिजिटल वोटर लिस्ट और पारदर्शी चुनाव की मांग तेज



प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर किया जा रहा है और निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक और महाराष्ट्र में कथित वोट चोरी कर जनमत का अपमान किया गया और अब बिहार में भी उसी तरह का खेल खेले जाने की तैयारी है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर, प्रदेश कांग्रेस ने आज शिमला में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे के साथ शांतिपूर्ण केंडल मार्च आयोजित किया। इस मार्च का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया।

पत्रकारों से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खुलासों के बाद भी निर्वाचन आयोग संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इंडिया गठबंधन आयोग को ज्ञापन देने जा रहा था, तो केंद्र सरकार के इशारे पर राहुल गांधी को रोका गया और गिरफ्तार तक किया गया।

उन्होंने साफ कहा – “कांग्रेस लोकतंत्र से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।” पार्टी ने 22 अगस्त से 7 सितंबर तक देशभर में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैलियां और 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाने का ऐलान किया है।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग पूरी तरह उचित है। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि संविधान, पारदर्शिता और जनविश्वास की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के खिलाफ बोलने वालों को ईडी, विजिलेंस और इनकम टैक्स के डर से दबाया जा रहा है।

ठियोग विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने सीधे तौर पर निर्वाचन आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ अंतिम सांस तक लड़ेगी।

इस केंडल मार्च में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता, जैसे हरीश जनारथा, नरेश चौहान, यशवंत छाजटा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उम्म कौशल, जैनब चंदेल, छतर सिंह ठाकुर समेत महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवा दल के पदाधिकारी मौजूद रहे।