Follow Us:

हिमाचल में गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं, अब होगी सख्त कार्रवाई

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल में गंदगी फैलाने वालों की अब खैर नहीं है। अब घरों, दुकानों और ढाबों के आसपास कचरा फैलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्लास्टिक और कचरा फैलाने के लिए सभी जिलों में विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे।

पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा नन्दा ने प्रदेश में ‘पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ’ अभियान के प्रभावी को अमल में लाने और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को प्रभावी रूप से सुनिश्चित बनाने को लेकर राजधानी शिमला में बैठक का आयोजन किया। कचरा प्रबंधन की कार्य योजना तैयार करने और चर्चा करने के लिए सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की गई। जिसमें शहरी विकास, लोक निर्माण विभाग, पर्यटन, पुलिस और हितधारक विभागों ने बैठक में भाग लिया।

मनीषा नंदा ने सभी उपायुक्तों से प्लाटिक कचरा फैलाने पर नियंत्रण व अंकुश लगाने के लिए और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की हर दो महीने में समीक्षा की जाएगी। साथ ही सरकारी और निजी भूमि, सामुदायिक भूमि, घरों के आस-पास, दुकानों, होटलों, रेस्तरां, ढाबों, प्रतिस्थापनाओं में जहां कहीं भी कचरा फेंका पाया जाने पर, उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।