Follow Us:

सुजान सिंह पठानिया के निधन पर फतेहपुर में शोक की लहर, कल होगा अंतिम संस्कार

मृत्युंजय पुरी |

शुक्रवार सुबह फतेहपुर के विधायक सुजान सिंह पठानिया का निधन हो गया। उनके निधन से पूरे फतेहपुर में शोक की लहर छा गई है। वे करीब 78 वर्ष के थे। आज सुबह फतेहपुर के मंझार गांव (पंचायत हाडा) में घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली। जानकारी अनुसार सुबह करीब सात बजे तबीयत बिगड़ने पर फतेहपुर अस्पताल के डा. मंगलदास उनके निवास स्थान पर स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे थे। तबीयत ज्यादा बिगड़ती देख एंबुलेंस भी बुलाई गई, मगर वे इसी बीच निवास स्थान पर ही करीब आठ बजे इस दुनिया से विदा हो गए। सुजान सिंह पठानिया काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 10 बजे मंझार में होगा।

आज बंद रहा फतेहपुर बाजार

पूर्व मंत्री व विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन पर व्यापार मंडल फतेहपुर में एक दिन संपूर्ण बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। उनका बेटा भवानी अभी मुंबई में है। उसके आने के बाद कल सुबह उनका अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार होने तक फतेहपुर बाजार बंद रहेगा।

बता दें कि 1943 को पाकिस्तान के लाहौर में जन्मे सुजान सिंह पठानिया बीए करने के बाद हिमाचल प्रदेश वन विभाग में रेंज आफिसर चयनित हुए। मगर इसके बाद 1977 में जनता पार्टी की टिकट पर जवाली (पुनर्गठन के बाद फतेहपुर) विधानसभा से विधायक बने। इसके बाद 1980 में कांग्रेस में शामिल हुए। दूसरी बार 1990 में कांग्रेस के टिकट पर ही विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 1993 में तीसरी बार विधानसभा पहुंचे और कृषि मंत्री बने। 2003 में चौथी बार विधायक बने और परिवहन मंत्री बने। 2009 के उपचुनाव में पांचवी बार विधानसभा पहुंचे और 2012 व 2017 का लगातार तीन बार चुनाव जीतकर जीत की हैट्रिक बनाने के साथ वह सात बार फतेहपुर का विधायक बने। 2012 से 2017 के दौरान वे ऊर्जा मंत्री रहे।