Follow Us:

मौसम बदलने से बढ़ी ठंड, आगे और गिरेगा पारा

पी. चंद, शिमला |

प्रदेश में एक ओर जहां आज से विधानसभा सत्र शुरू होने से सियासी पारा गर्म होने जा रहा है वहीं दूसरी ओर मौसम में बदलाव के चलते ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 दिसंबर तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश होने संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला में लोग ठंड से बचने के लिए आग का सहारा ले रहे हैं। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। समय पर बारिश और बर्फ़बारी होने से किसानों के लिए भी ख़ुशी की खबर है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया है कि पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 और 11 दिसंबर को ऊंचाई वाले जिलों शिमला, किन्नौर, लाहुल स्पीति, चंबा, मंडी और कुल्लू के कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने शिमला के कुफरी, नारकंडा और खड़ा पत्थर में बारिश और हल्की बर्फबारी की उम्मीद जताई है। 12 दिसंबर के बाद प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह का केलांग में न्यूनतम तापमान -4.3 डिग्री, मनाली -0.6, भुंतर 1.9 , शिमला में 3.9, कल्पा -2.0, सुंदरनगर 2.5, चंबा 5.7, सोलन 1.7, मंडी 4.2, पालमपुर 5.0, बिलासपुर 5.8, हमीरपुर 6.1,  धर्मशाला 6.8 और नाहन में 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

जबकि अधिकतम तापमान शिमला में 13.9, सुंदरनगर 20.2, भुंतर 19.8, कल्पा 12.0, धर्मशाला 15.8, ऊना 23.4, नाहन 18.2, केलांग 4.5, सोलन 19.3, कांगड़ा 21.2, बिलासपुर 18.9, हमीरपुर 20.5, चंबा 18.8 और डलहौजी का 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।