Follow Us:

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल में मतदान के दिन रविवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा। प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी नहीं हुई। अब मतगणना के दिन 23 मई को मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कई स्थानों पर अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

प्रदेश में 21 से 23 मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम साफ रहने से प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मतदाताओं को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।

रविवार को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल स्पीति में रविवार को मौसम सुहावना रहा। इन क्षेत्रों में धूप खिलने के बावजूद गर्मी ने मतदाताओं को बहुत अधिक नहीं सताया।

मंगलवार से गुरुवार तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी है। रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा शिमला में 23.3. सुंदरनगर का 33.2. भुंतर का 31.4, कल्पा का 21.1. धर्मशाला में 24.2, नाहन का 33.2, केलांग में 14.6, सोलन में 30, कांगड़ा में 32.9. बिलासपुर में 35, हमीरपुर का 33.6. चंबा में 31.2 और डलहौजी में अधिकतम तापमान 18. 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।