Follow Us:

देश के इन हिस्सों में कल बारिश का अलर्ट, हिमाचल में भी मिलेगी गर्मी से राहत!

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। दिल्ली-एनसीआर में लू चलने से दिन का पारा बढ़ा हुआ है।

डेस्क |

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। दिल्ली-एनसीआर में लू चलने से दिन का पारा बढ़ा हुआ है। इस बीच, देश के कई हिस्सों में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले तीन दिनों में पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की उम्मीद है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और आसपास के पूर्वी भारत के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। साथ ही बताया कि शुक्रवार को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी लू चलेगी। 10 जून तक ओडिशा में भी ऐसे ही हालात रहने की संभावना है।

हिमाचल में मौसम का हाल

प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में शुक्रवार को बारिश के आसार हैं। चार मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा। वीरवार को राजधानी शिमला में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 जून तक मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान जताया है।

मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 12 जून तक धूप खिली रहने की संभावना जताई गई है। वीरवार शाम को शिमला में 0.6 और सुंदरनगर में 2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। शुक्रवार को कुछ मैदानी जिलों में गर्म हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में अंधड और बारिश का येलो अलर्ट है। शिमला में बूंदाबांदी होने से मौसम में हल्की ठंडक हुई है। शहरवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।