Follow Us:

शिमला में रिश्तेदार के घर ठहरकर उड़ाए गहने, हरियाणा की महिला गिरफ्तार

Haryana woman arrested in Shimla: शिमला की सदर पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत निवासी एक महिला को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला सोनिया को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

मामला 31 दिसंबर 2024 का है, जब शिमला निवासी कुसुम लता ने सदर थाना में अपने गहनों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कुसुम लता की रिश्तेदार सोनिया ने उसे फोन कर बताया कि वह नौकरी के सिलसिले में शिमला आ रही है और कुछ दिनों के लिए उसके घर ठहरना चाहती है। कुसुम लता ने रिश्तेदारी के नाते उसे अपने घर में रहने की अनुमति दे दी। सोनिया चार दिन तक उसके घर पर रुकी और फिर सोनीपत लौट गई।

इसके बाद जब कुसुम लता ने अलमारी खोली, तो उसमें रखे सोने के गहने गायब मिले। उसे शक हुआ कि चोरी सोनिया ने ही की है। जब उसने सोनिया को फोन किया, तो वह कॉल रिसीव नहीं कर रही थी। इसके बाद कुसुम लता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने जांच के बाद सोनिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।