➤ घने कोहरे में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, 4 लोगों की मौत
➤ 3 कारों के बाद 7 बसें भिड़ीं, कई वाहनों में लगी आग
➤ 25 घायल, 11 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 127 पर आगरा–नोएडा लेन में हुई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पहले 3 कारें आपस में टकराईं, जिसके बाद पीछे से आ रही 7 बसें इन कारों से जा भिड़ीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहनों में आग लग गई। हादसे में 1 रोडवेज बस और 6 स्लीपर बसें शामिल थीं। अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। 11 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। कई यात्रियों को बसों की खिड़कियां तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे की प्राथमिक वजह घना कोहरा और बेहद कम दृश्यता रही। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात रोकना पड़ा, जिसे बाद में धीरे-धीरे बहाल किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद बसों में आग भड़क उठी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। उल्लेखनीय है कि सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा और स्मॉग छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी।



